मनीष त्रिपाठी-दुर्ग जिला ब्यूरो चीफ
वृक्षारोपण, सामूहिक सफाई एवं स्वच्छताग्राही दीदियों का सम्मान
दुर्ग, 01 अक्टूबर 2026। स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 01.10.2026 को जनपद पंचायत दुर्ग की ग्राम पंचायत उमरपोटी में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजित सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले के समस्त ग्रामों में संचालित किया जा रहा है।

वृक्षारोपण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग ग्रामीण के विधायक श्री ललित चन्द्राकर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से हुई, जिसमें विधायक श्री चन्द्राकर, जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बजरंग दुबे एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया।
सामूहिक श्रमदान से गूंजा स्वच्छता का संदेश
इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छाग्राहियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामवासियों ने मिलकर श्रमदान किया। इस दौरान गाँव के तालाब, आंगनबाड़ी केन्द्र, शाला परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। सामूहिक सहभागिता से हुए इस श्रमदान ने जनभागीदारी और सामुदायिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया।

स्वच्छता दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले स्वच्छाग्राही स्व-सहायता समूह एवं स्वच्छता दीदियों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। उनके समर्पण की सराहना करते हुए अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में निम्नलिखित गणमान्य जन उपस्थित रहे:
श्री ललित चन्द्राकर, माननीय विधायक, दुर्ग ग्रामीण
श्री बजरंग दुबे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग
श्रीमती श्रद्धा साहू एवं श्रीमती नीलम चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य
श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, अध्यक्ष, जनपद पंचायत दुर्ग
श्रीमती झमित गायकवाड़, जनपद पंचायत सदस्य
श्री शीतला ठाकुर, मंडल अध्यक्ष
श्री विजेंद्र साहू, सरपंच, ग्राम पंचायत उमरपोटी
सरपंच श्री विजेंद्र साहू एवं ग्राम पंचायत उमरपोटी द्वारा पूरे कार्यक्रम का आयोजन कर सक्रिय भागीदारी निभाई गई। इसके अतिरिक्त समीपस्थ ग्राम पंचायत पुरई, करगाडीह एवं डूमरडीह के सरपंच व पंचगण, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तथा आसपास के गाँवों की स्वच्छताग्राही दीदियाँ भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प
कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर निरंतर जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। स्वच्छता ही सेवा 2026 का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाना, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना, स्वच्छता कार्यों में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को स्थायी व्यवहार के रूप में स्थापित करना है। अभियान की अवधि में जिले के ग्रामों में श्रमदान, वृक्षारोपण और जनजागरूकता की गतिविधियाँ निरंतर जारी रहेंगी।
