CG : रायपुर में नकली सोने का खेल, असली बताकर सराफा कारोबारी से 3.90 लाख की ठगी …
रायपुर: राजधानी रायपुर के बीरगांव में नकली सोने के जेवरात को असली बताकर सराफा कारोबारी से 3.90 लाख रुपए ठगी की गई है। महिला समेत तीन लोगों ने अलग-अलग तारीखों में रिंग और कंगन गिरवी रखकर कारोबारी से रकम ली। 5 अक्टूबर को सराफा कारोबारियों के वाट्सऐप ग्रुप में नकली सोना गिरवी रखने वाले लोगों को लेकर मैसेज आया। इसके बाद कारोबारी वैभवन सोनी ने अपने पास गिरवी रखे जेवरों की जांच कराई। जांच में सभी जेवर नकली निकले।
इसके बाद कारोबारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों के नाम मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल बताए गए हैं। मामला उरला थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक शैलेंद्र नगर के रहने वाले वैभव सोनी की बीरगांव मेन रोड पर वैभव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक 16 अगस्त को मनीष देवांगन दुकान पर आया था। उसने 4.080 ग्राम वजन की एक जेंट्स रिंग गिरवी रखी और इसके बदले 40 हजार रुपए लिए।
अगले दिन 17 अगस्त को मनीष ने 19.860 ग्राम वजन के चार कंगन गिरवी रखे। इनकी एवज में कारोबारी ने उसे 1.90 लाख रुपए दिए। इसके बाद 1 सितंबर को दामिनी और राजेश अग्रवाल दुकान पहुंचे। दामिनी ने 17.820 ग्राम वजन के दो कंगन गिरवी रखे। इसके बदले कारोबारी ने उन्हें 1.60 लाख रुपए दिए। इस तरह तीनों आरोपियों ने अलग-अलग तारीखों में रिंग और कंगन गिरवी रखकर कारोबारी से कुल 3.90 लाख रुपए हासिल किए। वैभव सोनी के मुताबिक, 5 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ सराफा वाट्सऐप ग्रुप में मैसेज आया कि कुछ लोग नकली सोने के जेवर गिरवी रखने के लिए घूम रहे हैं। इस मैसेज के बाद उन्हें अपने यहां गिरवी रखे जेवरों पर संदेह हुआ। उन्होंने मनीष की रिंग और चार कंगन, दामिनी के दो कंगन रायपुर सदर बाजार स्थित विजय टंच में जांच के लिए भेजे। जांच में सभी जेवर नकली पाए गए। इसके बाद कारोबारी ने उरला थाने पहुंचकर मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
