राजनांदगांव : त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, 14 से 22 अक्टूबर तक कई ट्रेनें प्रभावित...
14 से 22 अक्टूबर तक सुधार कार्य, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी, गीतांजलि एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों पर पड़ेगा असर
राजनांदगांव। त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ ही रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे द्वारा कई विशेष रेलखंडों में 14 से 22 अक्टूबर तक विभिन्न सुधार एवं निर्माण कार्य कराए जाने के कारण कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ने की संभावना है। कुछ ट्रेनों को रद्द, कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाने तथा कुछ के समय में बदलाव किए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
11 अक्टूबर से नवरात्रि पर्व की शुरुआत हो रही है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक स्थलों और अपने गृह नगरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे समय में रेल परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में अधिक असर देखने को मिलेगा।
14 से 22 अक्टूबर के मध्य रेलवे मुंबई मंडल के अंतर्गत आने वाले कल्याण, इगतपुरी, कसारा खंड में तीसरी रेल लाइन का कार्य किया जाना है। इससे ट्रेनों के परिचालन पर आंशिक प्रभाव रहेगा। गीतांजलि एक्सप्रेस समेत कुछ ट्रेनों के प्रभावित होने की संभावना है। एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस, एलटीटी हटिया एक्सप्रेस, हावड़ा एसएमवीटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित होंगी।
ट्रेनों के समय में बदलाव अथवा मार्ग परिवर्तन होने पर यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, यातायात दक्षता पूर्वक संचालित करने के लिए किए जा रहे कार्यों के चलते कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किए जाएंगे।
