राजनांदगांव : राहुल नगर लखोली में सजेगा हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध मां ज्वाला जी मंदिर का भव्य स्वरूप...
मां कालिका उत्सव समिति द्वारा नवरात्रि पर होगा आकर्षक आयोजन, 11 अक्टूबर को घट स्थापना
राजनांदगांव। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर मां कालिका उत्सव समिति, राहुल नगर लखोली द्वारा इस वर्ष भी भव्य एवं आकर्षक स्थल सजावट की जा रही है। इस वर्ष आयोजन का मुख्य आकर्षण हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां ज्वाला जी मंदिर का भव्य स्वरूप होगा। इस दिव्य मंदिर की स्थापना विकास नगर, लखोली में की जा रही है, जहां श्रद्धालुओं को मां ज्वाला जी के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।
संस्था के अध्यक्ष हेमंत गुप्ता ने बताया कि मां ज्वाला जी मंदिर देश-विदेश में अपनी विशिष्ट धार्मिक मान्यता और आस्था के लिए प्रसिद्ध है। समिति द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर आकर्षक स्थल सजावट एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। समिति द्वारा स्थानीय स्तर के कलाकारों द्वारा निर्मित स्थल सजावट को क्षेत्र की जनता का भरपूर स्नेह, सहयोग और सराहना मिलती रही है। इस वर्ष भी मां ज्वाला जी मंदिर की भव्य प्रतिकृति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 11 अक्टूबर, रविवार को एकम घट स्थापना के साथ आयोजन का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 14 अक्टूबर, बुधवार को झांकी एवं जगराता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 15 अक्टूबर, गुरुवार को पंचमी श्रृंगार एवं महाआरती, 17 अक्टूबर, शनिवार को सप्तमी महानिशा पूजा तथा 18 अक्टूबर, रविवार को हवन एवं अष्टमी का धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होगा। वहीं 20 अक्टूबर, मंगलवार को मां के अश्विनी स्वरूप के विसर्जन के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा।
समिति के संरक्षक प्रवीण जंगल एवं आनंद गुप्ता तथा सलाहकार सूर्यकांत गुप्ता, अश्विनी श्रीवास एवं अशोक कुमार रजक सहित समिति के सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से विकास नगर, लखोली पहुंचकर मां ज्वाला जी के दर्शन करने तथा नवरात्रि के धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि मां ज्वाला जी के भव्य मंदिर स्वरूप के दर्शन से श्रद्धालुओं में धार्मिक आस्था और भक्ति का संचार होगा तथा यह आयोजन राजनांदगांव में नवरात्रि उत्सव का प्रमुख आकर्षण बनेगा।
