inal-logo-copy.webp
– सीएम हेल्पलाइन से 13 सुरक्षा गार्डों को मिला 2.91 लाख रूपए का बकाया वेतन
– मेहनत की कमाई मिलने से श्रमिकों के परिवारों को मिली आर्थिक राहत
– मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत के बाद श्रम विभाग ने की त्वरित कार्रवाई
राजनांदगांव । मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्रमिकों के लिए समय पर वेतन मिलना सबसे बड़ी जरूरत होती है। ऐसे में मेहनत की कमाई रूक जाए, तो घर की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो जाता है। राजनांदगांव जिले के 13 सुरक्षा गार्डों के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 उम्मीद की किरण साबित हुई। श्रम विभाग की तत्परता से उन्हें कुल 2 लाख 91 हजार 754 रूपए का बकाया वेतन मिला। इससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली। राजनांदगांव जिले के 13 सुरक्षा गार्डों को नियोजन पक्ष द्वारा वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा था। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक श्रम आयुक्त राजनांदगांव ने तत्काल प्रकरण की जानकारी प्राप्त की और संबंधित नियोजन पक्ष से संपर्क कर नियमानुसार कार्रवाई की। विभागीय पहल के परिणामस्वरूप सभी 13 सुरक्षा गार्डों को उनके बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराया गया। लंबे इंतजार के बाद मेहनत की कमाई मिलने से श्रमिकों की आर्थिक चिंता कम हुई।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से मिली इस राहत ने शासन की शिकायत निवारण व्यवस्था के प्रति उनका भरोसा मजबूत किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन श्रमिकों के अधिकारों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। श्रम विभाग राजनांदगांव द्वारा श्रमिकों से अपील की गई है कि वेतन भुगतान में विलंब, बकाया वेतन अथवा अन्य श्रम संबंधी समस्याओं की स्थिति में संबंधित विभाग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें उनका अधिकार दिलाया जा सके।
