राजनांदगांव , जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नवाज खान ने राज्य सरकार से दीपावली से पहले पंजीकृत धान उत्पादक किसानों को 10 हजार प्रति एकड़ अग्रिम राशि देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने के कारण किसानों को त्योहार से पहले उपज का भुगतान मिलने की उम्मीद कम है। ऐसे में सरकार किसानों के खातों में अग्रिम राशि ट्रांसफर कर उन्हें आर्थिक राहत दे।
उन्होंने अर्नब तूफान से प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को 15 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा देने की भी मांग की। नवाज खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में धान की खेती की अहम भूमिका है और लाखों किसान परिवारों की आजीविका इस पर निर्भर है। धान खरीदी 1 नवंबर से शुरू होनी चाहिए थी, लेकिन 15 नवंबर की तारीख तय होने से किसानों के सामने त्योहार के खर्चों की चिंता है।
उन्होंने कहा कि किसान अपने बच्चों के लिए खरीदारी करने और परिवार के साथ दीपावली मनाने की तैयारी करते हैं, लेकिन खरीदी शुरू नहीं होने से उनके हाथ खाली हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार की राजीव गांधी किसान न्याय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि त्योहारों से पहले किसानों को आर्थिक सहायता देने की व्यवस्था की गई थी।
उन्होंने भाजपा सरकार से भी किसानों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रति एकड़ 10 हजार अग्रिम देने की मांग की। धान विक्रय के बाद इस राशि को किसान के अंतिम भुगतान में नियमानुसार समायोजित किया जा सकता है।
