राजनांदगांव पुलिस लाइन 18 एकड़ स्थित एसएलआरएम सेंटर का मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरूचि सिंह के साथ निरीक्षण कर सेन्टर की गतिविधियों के संबंध में आयुक्त अभिषेक गुप्ता से जानकारी ली।
कलेक्टर अग्रवाल ने एसएलआरएम सेन्टर का निरीक्षण कर सेन्टर सुपरवाईजर एवं स्वच्छता दीदियों से रूबरू हो सेन्टर की गतिविधियों में घर-घर कचरा संग्रहण की जानकारी ली। कचरा संग्रहण के घरों की संख्या, यूजर चार्ज की वसूली, सेंटर में कचरा पृथकीकरण एवं खाद बनाने की स्थिति के बारे में पूछा।
सेन्टर सुपरवाइजर ने जानकारी दी कि इस सेन्टर में दो वार्ड 18 व 19 नम्बर वार्ड का कचरा संग्रहण किया जाता है, जिसमें लगभग 15 सौ घर है, जिससे प्रतिदिन कचरा संग्रहण स्वच्छता दीदी करती हैं। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि प्रतिदिन निर्धारित समय तक कचरा संग्रहण कर, कचरे को सोर्स पर ही पृथक करें और शत प्रतिशत यूजर चार्ज की वसूली करें। आय बढ़ाने कार्य करें। साथ ही नागरिकों को घर से ही कचरा अलग अलग कर देने समझाइश दें। कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने कबाड़ से जुगाड़ तथा डिब्बा, प्लास्टिक बाटल आदि अनुपयोगी वस्तुओं से बनाई कलाकृति देख प्रसन्नता जाहिर की। सेन्टर को साफ सुथरा व व्यवस्थित रखने पर सराहना की।
