राजनांदगांव| मोहारा के ऑक्सीजन में रेत चोरी का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। शिवनाथ का जलस्तर कम होते ही यहां से रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों ने पहले भी रेत चोरी का विरोध किया था। तब कुछ कार्रवाई भी सामने आई थी। इन दिनों फिर रेत चोर सक्रिय हो गए हैं।
मंगलवार शाम भी ऑक्सीजोन से लगे गांव के लोगों ने रेत चोरी पकड़ी। ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से रेत लेकर जा रहे चालक को दौड़ाया भी गया। जो कृषि मंडी में ट्रैक्टर खड़ी कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों के द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी गई। लालबाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेत से भरी ट्रॉली को जब्त किया है। वहीं चालक की पतासाजी की जा रही है। बता दें कि ऑक्सीजोन के हिस्से में शिवनाथ से लगातार रेत चोरी होने की शिकायतें सामने आई है। स्थानीय जागरुक लोगों द्वारा भी इसका विरोध किया जा रहा है। शहर से लगे होने के बाद भी प्रशासनिक टीम इस हिस्से में कार्रवाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
