राजनांदगांव। गांधी सभागृह के पास शुक्रवार शाम एक लापरवाही से चल रही ब्रेजा कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार घायल हो गया। घायल को 112 डायल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साईं कृपा कॉलोनी चिखली निवासी एक युवक, जो एक फाइनेंस कंपनी राजनांदगांव में कार्यरत हैं, अपनी दोपहिया वाहन से 2 मई 2025 की शाम करीब 6:30 बजे चिखली से ऑफिस जाने निकले थे। जब वे गांधी सभागृह के सामने पहुँचे, तभी पीछे से आ रही एक सफेद रंग की ब्रेजा कार (क्रमांक CG 08 AX 4118) के चालक ने अपने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए अचानक मोड़ा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर कार से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार व्यक्ति को दोनों घुटनों और बांए हाथ में चोटें आईं, जबकि मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुँची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल, राजनांदगांव पहुंचाया।
घटना को प्रत्यक्षदर्शी राहगीरों ने भी देखा। पीड़ित ने इस घटना की रिपोर्ट संबंधित थाने में दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामला जांच में लिया गया है।
