राजनांदगांव। जीई रोड स्थित राम दरबार पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मारने से एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड में जा गिरी। घटना में एक महिला को सिर पर चोट आई है, जबकि अन्य सवार सुरक्षित हैं।
मामले की रिपोर्ट गर्वमेंट कॉलेज ऑफ नर्सिंग, राजनांदगांव में सह-प्राध्यापक के पद पर कार्यरत एक महिला अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि 3 मई 2025 को दोपहर लगभग 4:20 बजे वे अपनी I-20 कार से ड्यूटी समाप्त कर दुर्ग स्थित अपने निवास लौट रही थीं। कार में उनके साथ स्टाफ सदस्य श्रीमती श्रद्धा प्रदीप कुमार, श्रीमती प्रीति चंद्राकर और प्रीति की छोटी बेटी भी मौजूद थीं।
जैसे ही वे राम दरबार पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं, पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक ट्रक चलाते हुए उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड में गिर गई।
हादसे में प्रीति चंद्राकर को सिर के पीछे चोट आई, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए दुर्ग ले जाया गया। अन्य सवारों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। कार का पिछला और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और वह फिलहाल चलने योग्य नहीं है।
घटना को आसपास मौजूद लोगों ने भी देखा। प्रार्थी द्वारा इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
