डोंगरगांव , राजनांदगांव-अंबागढ़ चौकी मुख्य मार्ग पर करोड़ों रुपए की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। इसी बीच मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं सामने आने से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 8 सितंबर को अर्जुनी-पैरी पुल के पास चावल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। ट्रक को नदी से बाहर निकालने के लिए दूसरे दिन बुधवार को सुबह लगभग 11 बजे तीन क्रेन लगाई गई।
ट्रक निकालने के दौरान करीब तीन घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। मार्ग के दोनों ओर एक किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान आम राहगीरों के साथ एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। सवाल यह है कि जब निर्माणाधीन मार्ग पर किसी बड़े वाहन को निकालने के लिए तीन क्रेन लगाई जा रही थीं और इससे घंटों तक यातायात बाधित होना तय था, तो पुलिस और प्रशासन को इसकी पूर्व सूचना क्यों नहीं दी गई? यदि समय रहते यातायात प्रबंधन किया जाता तो राहगीरों और एंबुलेंस को घंटों जाम में फंसने से बचाया जा सकता था। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी: एसडीएम डोंगरगांव एसडीएम अनिकेत साहू ने बताया कि बिना सूचना के मार्ग को बाधित किया गया है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस किसी को नहीं दी गई थी सूचना ट्रक निकालने दौरान यातायात प्रबंधन की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। डोंगरगांव तहसीलदार कमल किशोर साहू ने बताया कि क्रेन से ट्रक निकालने का काम चल रहा था, लेकिन इसकी विधिवत कोई सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। बाद में सड़क पर घंटों जाम होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को मौके पर जाकर आवागमन सुगम कराने के लिए सूचित किया। वहीं लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल ने बताया कि ट्रक निकालने या सड़क जाम होने के संबंध में थाने में किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस को मौके पर भेजा गया।
पुल के दोनों ओर कतार, एंबुलेंस भी फंसी जानकारी के अनुसार नदी से ट्रक निकालने के दौरान पैरी पुल के दोनों छोर (डोंगरगांव से राजनांदगांव और राजनांदगांव से डोंगरगांव) में लगभग एक किमी तक की लंबी लाइन लग गई। बताया कि इस एरिया के जानकारी अपनी सुविधा अनुसार मार्ग बदलकर अपने गंतव्य की ओर चले गए और जाम में नहीं फसे। वहीं जो वाहन शुरूआत में थे वो जाम फंसते ही चले गए। इसी में एंबुलेंस भी जाम फसी देखी गई।
