राजनांदगांव। शेयर ट्रेडिंग और पैसा दोगुना करने का प्रलोभन देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने तथा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शीतल कुमार साहू (49) निवासी श्रद्धा नगर अंबेडकर वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी को 13 सितंबर को प्रकरण में औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के बाद जमानत मुचलके पर छोड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक मामले की
शुरुआत कोमल साहू की मौत की जांच से हुई थी। कोमल साहू ने 17 अक्टूबर 2025 को कथित तौर पर मानसिक तनाव के बीच जहर का सेवन कर लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। मर्ग जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिलने की जानकारी दी गई है। इसके बाद बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल डेटा सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। पुलिस का दावा है कि जांच में शेयर मार्केट में निवेश और कथित तंत्र-मंत्र के माध्यम से पैसे दोगुना करने का प्रलोभन देकर मृतक से बड़ी रकम लिए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बताए जा रहे मोहम्मद अजीज खान पर मृतक से करीब चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि रकम वापस नहीं मिलने और कर्जदाताओं के दबाव के कारण मृतक मानसिक तनाव में था। मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 108 और 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी बताए जा रहे अजीज खान को मध्य प्रदेश के इंदौर से हिरासत में लिया था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जांच के बाद अजीज खान पिता केके सलगुनान (57), निवासी बी-42 रॉयल टाउन भटखेड़ी, तहसील महू, थाना किशनगंज, जिला इंदौर को 3 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मामले में योगेंद्र कुमार साहू (37), निवासी ग्राम कुतुलबोड़ भांठागांव वार्ड नंबर 3, थाना लालबाग को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने तीसरे आरोपी शीतल कुमार साहू को भी प्रकरण में आरोपी बनाया। पुलिस के मुताबिक शीतल को 13 सितंबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और कानूनी प्रक्रिया के बाद जमानत मुचलके पर छोड़ा गया है। पुलिस का कहना है कि मामला अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। प्रकरण में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। यह
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह और उनकी टीम मामले की विवेचना कर रही है। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर असामान्य मुनाफे या पैसा दोगुना करने का दावा करने वाले लोगों से सतर्क रहें। निवेश करने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की वैधता की जांच जरूर करें।
