सूरजपुर साधुराम विद्या मंदिर सूरजपुर में पांचवें वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन किया जिसका समापन समारोह एडिशनल एस पी शोभराज अग्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत सूरजपुर लीना कोसम के अतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्रों के द्वारा संस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। जिसमें सरगुजा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति के साथ-साथ एरोबिक और जुंबा भी किया गया। अतिथियों ने परेड का निरीक्षण किया। उसके बाद उन्हें परेड की सलामी दी गई। परेड की अगवाई परेड कमांडर दिव्यांश बंसल ने की। समापन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाकर तथा आसमान में गुब्बारे उड़ाकर खेल की औपचारिक शुरुआत की ।
वार्षिक खेल उत्सव में 26 प्रकार के अलग-अलग खेल शामिल किए गए थे। जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित किया। अतिथियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनकर सम्मानित किया। स्कूल के सभी खिलाड़ियों को चार हाउस आकाश, अग्नि, जल, तथा पृथ्वी में विभाजित किया गया था। इस सत्र में खेल के साथ-साथ अन्य शैक्षिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने के लिए स्कोर प्वाइंट्स के आधार पर जल हाउस को प्रथम स्थान घोषित किया गया तथा अग्नि हाउस को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। छात्र खिलाड़ियों के साथ-साथ अभिभावक, शिक्षक एवं अन्य स्टाफ के लिए भी खेल आयोजित किया गया। जिसका अभिभावकों तथा अन्य प्रतिभागियों ने भरपूर आनंद उठाया। सभी वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन समारोह के दौरान अतिथि के रूप में उपस्थित स्कूल के डायरेक्टर डॉ राहुल अग्रवाल एवं ए डी एस ओ सूरजपुर सत्येंदु शुक्ला मंच पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।
