जांजगीर। ऑनलाइन शिकायत पोर्टल (सेंट्रल पोर्टल रायपुर) के माध्यम से सक्ती की एक दुकान में बच्चों के खाने के सामान एक्सपायर्ड होने के बावजूद बेचने की शिकायत मिली थी। इसके बाद गुरुद्वारा रोड सक्ती की मां किराना व पान मसाला दुकान जाकर खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांजगीर-चांपा के साथ ही सक्ती जिले के विभिन्न बाजारों व दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल इक्ट्ठा कर लैब टेस्ट के लिए रायपुर भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सागर दत्ता ने बताया कि ऑनलाइन शिकायत मिलने पर सक्ती की मां किराना व पान मसाला पर छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार प्रकरण तैयार कर सक्ती के किराना दुकान से जेली और कोकोनट कैंडी का सैंपल लेकर जांच के लिए रायपुर भेजा है। फर्म के पास खाद्य लाइसेंस भी नहीं है। सागर दत्ता ने बताया कि बिना लाइसेंस के फर्म संचालन और नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार फर्म के विरुद्ध केस बनाकर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
