राजनांदगांव स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक चार साल के मासूम सहित छुईखदान निवासी 37 साल के मरीज की मौत हो गई है। इन दोनों मरीजों का शहर के चिखली स्थित संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं एक अन्य महिला मरीज का इलाज जारी है।
स्वाइन फ्लू से दम तोड़ने वाले मरीजों को 16 अगस्त को इलाज के लिए दाखिल किया गया थ। अस्पताल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को दोनों मरीजों की मौत की सूचना भेजी है। इधर मरीजों से प्राथमिक संपर्क में रहने वाले 7 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजे थे, सभी के सैंपल निगेटिव मिले हैं।
जिले के घुमका क्षेत्र के ग्राम भालुकोन्हा से एक महिला और डोंगरगढ़ के बरनारा गांव में चार साल का मासूम स्वाइन फ्लू से पीड़ित मिला था। वहीं केसीजी के छुईखदान ब्लॉक के 37 वर्षीय ग्रामीण पीड़ित मिला था। इसमें चार साल के मासूम की बुधवार को मौत हो गई वहीं छुईखदान निवासी 37 वर्षीय ग्रामीण ने मंगलवार को दम तोड़ दिया था। संजीवनी अस्पताल से डॉ. राघव वर्मा का कहना है कि सप्ताहभर पहले स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीजों को परिजनों द्वारा बेहोशी की हालत में यहां लाया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने हरसंभव प्रयास किया लेकिन मरीज नहीं बचे। स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई है। सीएमएचओ डॉ. एनआर नवरत्न ने बताया कि उनके संपर्क में रहने वाले परिजन और रिश्तेदारों के सैंपल लेकर जांच करने भेजा गया था सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
