राजनांदगांव ओवरब्रिज पर एक ट्रक में खराबी आने के कारण फिर से लंबा जाम लग गया। इस दौरान स्कूली बच्चों एवं वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुरुवार को महावीर चौक से चिखली की तरफ जा रहे ट्रक में खराबी आई थी उसकी मरम्मत के दौरान ओवरब्रिज वन वे हो गया। दोनों दिशा से आने-जाने वाले वाहन आमने-सामने होने से यहां जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस के पहुंचने के बाद जाम को क्लियर किया जा सका। ट्रक की मरम्मत होने के बाद ओवरब्रिज से आवाजाही शुरू हो सकी।
अंडरब्रिज का निर्माण होने के कारण ओवरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ा हुआ है। यहां आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है। पटरी पार के स्कूली बच्चे आवाजाही करने ओवरब्रिज का उपयोग करते है और खैरागढ़ की दिशा में 24 घंटे वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। सालभर में यहां दर्जनभर से अधिक बार जाम लग चुका है वहीं आए दिन हादसों में लोगों को चोटें आ रही है। अंडरब्रिज के निर्माण की गति धीमी होने के कारण लोगों को दिक्कतें हो रही है। खासकर सुबह 10 से 12 बजे एवं शाम को 5 से 8 बजे के बीच यहां ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है।
