राजनांदगांव I घुमका पुलिस व साइबर सेल की टीम ने गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। दो गांजा तस्कर सहित पायलेटिंग करने वाले, ओडिशा और जबलपुर के सरगना को भी गिरफ्तार किया गया है। 65 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। जिसकी कीमत 9 लाख 83 हजार रुपए है।
एएसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि घुमका के मोहंदी चौक से गांजा तस्करी की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद मोहंदी चौक में नाकेबंदी की गई। मौके पर एक मालवाहक पहुंचा। तलाशी लेने पर मालवाहक की ट्रॉली तो खाली दिखा, लेकिन गहन जांच में भीतर एक गोपनीय चेंबर मिला। जिसे गैस कटकर के माध्यम से अलग किया गया। चेंबर में अलग-अलग पैकेट में कुल 65 किलो 500 ग्राम बरामद हुआ है। बेमेतरा के तस्कर धनराज पटेल और ओडिशा कालाहांडी निवासी बेदा बेरा को गिरफ्तार किया।
ओडिशा से जबलपुर लेकर जा रहे थे: पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वे ओडिशा के कालाहांडी से गांजा लेकर जबलपुर जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने कालाहांडी पहुंचकर गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी अनिल सोनी को गिरफ्तार किया। जबलपुर में गांजे की खेप मंगाने वाले आकाश यादव उर्फ गंगू को हिरासत में लिया गया।
