सुकमा, 27 अक्टूबर. मंगलवार को जिला मुख्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री चंदन कुमार ने समीक्षा बैठक ली। समीक्षा बैठक में कलेक्टर चंदन कुमार ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, गौठान निर्माण, चारागाह विकास, घुरुआ संवर्धन, खाद उत्पादन, गोधन न्याय योजना अन्तर्गत नाडेप टांका व वर्मी टांका निर्माण कार्य, बाड़ी कार्य, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, वन धन विकास केंद्र निर्माण, ग्रामीण हाट बाजार व शेड निर्माण, पीडीएस दुकान निर्माण, सीसी सड़क व पुलिया निर्माण सहित विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर चंदन कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान भवनों के अपूर्ण होने के कारण संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वन धन विकास केंद्र निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की और शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण नहीं करने पर कार्य निरस्त करने की चेतावनी दी।
कलेक्टर द्वारा शासकीय योजनाओं के लिए भूमि चयन नहीं कर पाने व शासकीय भूमि के अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शासकीय योजनाओं के लिए शीघ्र भूमि चयन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नरेगा सॉफ्ट में फ्रिज बैंक खाता प्रगति की जानकारी प्राप्त की। धान खरीदी के लिए किए जाने वाले किसान पंजीयन कार्य को समय सीमा में करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खरीफ विपणन वर्ष 2020-2021 के लिए पीडीएस एवं मिलर से प्राप्त बारदानो कि जानकारी प्राप्त करते हुए पीडीएस बारदाना जमा नहीं करने वाले सेल्समैन पर कार्यवाही के निर्देश दिए। पीडीएस अन्तर्गत खाद्यान्न भंडारण और आधार पंजीयन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खाद्य अधिकारी को शत प्रतिशत आधार पंजीयन और खाद्यान्न भंडारण में कोई भी लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कक्षा दूसरी से कक्षा पांचवीं के बच्चों की त्रुटिहीन जाति प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए ताकि बच्चों को भविष्य में कोई परेशानी ना हो। समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री चंदन कुमार ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता और सुकमा के बाल विकास परियोजना अधिकारी को कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन कंवर, अपर कलेक्टर ओपी कोसरिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
