सुकमा- छत्तीसगढ़ की सुकमा पुलिस ने दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने बिहार और तेलंगाना सहित चार राज्यों में छापामारी की। इनमें से एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया। वह पागल बनकर झांसा दे रहा था। जबकि अपहरण और दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने हैदराबाद से पकड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा जिले के केरलापाल, छिंदगढ़ और गादीरास में दुष्कर्म के अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इन मामलों में फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने मुत्ते रक्षतुंग (अस्मिता सम्मान) अभियान चला रखा है। इसी के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गईं। इन टीमों ने साइबर सेल और कॉल ट्रेसिंग की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
केरलापाल क्षेत्र में साल 2013 में एक आरोपी अमजद खान दुष्कर्म के बाद फरार हो गया। 7 साल से उसका कुछ पता नहीं था। पुलिस जब भी परिवार से पूछताछ करती तो वह कहते कि अमजद को पागल बताते और जानकारी नहीं होना कहकर गुमराह करते थे। टीम को उसकी लोकेशन बिहार में मिली। इसके बाद टीम ने हमजापुर शेरघाटी से आरोपी को पकड़ा तो वह भी पुलिस को गुमराह करता रहा।
वहीं छिंदगढ़ क्षेत्र में साल 2020 में हुए दुष्कर्म मामले में गढ़वा झारखंड निवासी धनंजय खरवार और गादीरास से अपहरण व दुष्कर्म मामले में आरोपी राकेश वेट्टी पुलिस गिरफ्त से बाहर था। दोनों को पकड़ने के लिए टीमें बनाकर आंध्र प्रदेश व तेलंगाना भेजी गई, लेकिन दोनों आरोपी बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। टीमें ओडिशा और अन्य जगह से पीछा करते हुए हैदराबाद से दोनों को गिरफ्तार किया।
