राजनांदगांव. नगर निगम में इस बार भाजपा का राज है। चुनाव में महापौैर सहित 39 पार्षद भाजपा के जीत कर आएं हैं। वहीं कांग्रेस के केवल 8 पार्षद हैं। तीन निर्दलीय में से एक ने भाजपा का दामन थाम लिया है। 51 पार्षद वाले नगर निगम में 8 मार्च को शपथ ग्रहण का कार्यक्रम होगा।
कलेक्टर संजय अग्रवाल नव निर्वाचित महापौर व पार्षदों को शपथ दिलाएंगे। वहीं इसी दिन ही टाउन हाल में नगर पालिक निगम का प्रथम सम्मेलन होगा। इस मौके पर अध्यक्ष (स्पीकर) तथा अपील समिति के सदस्यों का चुनाव होगा।
इधर भाजपा में निगम अध्यक्ष पद को लेकर पार्षदों के बीच खींचतान चल रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस में नेताप्रतिपक्ष बनने सीनियर और नए चेहरे भी दौड़ में शामिल हैं। शहरी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद शहर विकास के कार्य शुरू हो पाएंगे।
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत नगर निगम राजनांदगांव के लिए महापौर व पार्षदों का निर्वाचन कराया गया, निर्वाचन मतगणना के परिणाम 15 फरवरी को घोषित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य पत्र में 24 फरवरी को नव निर्वाचित महापौर व 51 वार्ड के नव निर्वाचित पार्षदों के नाम अधिसूचित किया गया। जिसके उपरांत महापौर व पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। आयुक्त ने बताया कि 8 मार्च दिन शनिवार को सुबह 10 बजे पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नवनिर्वाचित महापौर सहित पार्षदों को शपथ दिलाएंगे। शपथ के लिए नव निर्वाचित महापौर व पार्षदों को सूचित किया गया ह्रै।
अध्यक्ष चुनाव की ऐसी होगी प्रक्रिया
8 मार्च को टाउन हाल में 12 से 12:30 बजे तक पीठासीन अधिकारी के समक्ष नाम निर्देशन पत्रों की प्रस्तुती होगी। नाम निर्देशन की जांच एवं आपत्तियों का निराकरण पीठासीन अधिकारी के समक्ष 12.30 बजे से 1 बजे के मध्य होगा। अपरान्ह 1 से 1:30 बजे तक नाम वापसी होगी। अपरान्ह 2 बजे से 2.30 बजे तक यदि आवश्यक होगा तो मतदान होगा। मतदान के तत्काल बाद मतगणना होगी। निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति में नाम वापसी के तत्काल बाद परिणाम की घोषणा होगी। यदि निर्वाचन की स्थिति बनती है तो मतगणना के तत्काल बाद परिणाम की घोषणा होगी।
भाजपा में अध्यक्ष के लिए खींचतान
भाजपा में निगम अध्यक्ष पद के लिए नवनिर्वाचित पार्षद शैंकी बग्गा, राजा माखिजा, आलोक श्रोती के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। इनकी दावेदारी भी सामने आई है। पार्षद पारस वर्मा, शिव वर्मा व मणीभास्कर के नाम की भी चर्चा है। भाजपा संगठन की ओर से इन नामों को लेकर रायशुमारी की जा रही है। इसके लिए पर्यवेक्षक भी बनाए गए हैं। पार्टी की बैठक में नाम तय किए जाएंगे। दूसरी ओर कांग्रेस में नेताप्रतिपक्ष बनने नवनिर्वाचित पार्षद संतोष पिल्ले, हफीज खान व नए चेहरे के रूप में राजा तिवारी का नाम सामने आया है। संतोष और हफीज सीनियर हैं। राजा दो बार के पार्षद हैं, वहीं युवा चेहरा हैं।
