कोरबा। केंद्रीय कोयला और खनन मंत्री जी किशन रेड्डी आज अपने पहले दौरे के तहत कोरबा जिले के गेवरा पहुंचे। हेलीपैड पर उनका स्वागत किया गया, इसके बाद वे अपने काफिले के साथ गेवरा माइंस के विभिन्न व्यू प्वाइंट्स पर गए, जहां उन्होंने खदानों की स्थिति का निरीक्षण किया। खदानों में उत्पादन और अन्य गतिविधियों का जायजा लेने के बाद, कोयला मंत्री ने एसईसीएल प्रबंधन के साथ बैठक की और विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
कोयला मंत्री रेड्डी ने खदान में काम करने वाले शोवेल ऑपरेटर, डंपर ऑपरेटर और अन्य कामकाजी कर्मचारियों से बातचीत की और उनके साथ केबिन में बैठकर मशीनों का संचालन भी देखा। इस दौरान उन्होंने सस्टेनेबल माइनिंग पर भी जोर दिया और सर्फेस माइनर के ऑपरेशन का निरीक्षण किया। कोयला मंत्री के दौरे के दौरान भू विस्थापितों और रोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन की योजना बनाई थी। प्रदर्शनकारी काले झंडे दिखाकर “गो बैक” के नारे लगाने का आह्वान कर रहे थे, लेकिन इससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। लगभग 20-25 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पकड़कर एसईसीएल के सीनियर रिक्रिएशन क्लब में रखा।

