राजनांदगांव। शहर के पुनम कॉलोनी स्थित शिव गजानन मंदिर से दान पेटी चोरी होने की घटना सामने आई है। मंदिर अध्यक्ष कमलेश स्वर्णकार की लिखित शिकायत पर कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भा.दं.सं. की धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
मामले के अनुसार, प्रार्थी कमलेश स्वर्णकार (उम्र 57 वर्ष), निवासी पुनम कॉलोनी, राजनांदगांव, शिव गजानन मंदिर के अध्यक्ष हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 2 मई 2025 की सुबह मंदिर समिति के सदस्य संतोष कुशवाहा ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि मंदिर में रखी दान पेटी चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही वे मंदिर पहुंचे, जहां देखा कि मंदिर के चैनल गेट का ताला टूटा हुआ और बाहर गिरा पड़ा था। दान पेटी गायब थी।
बताया गया कि अज्ञात चोर ने दिनांक 1 मई की रात 9 बजे से 2 मई की सुबह 8 बजे के बीच मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी चोरी की। पेटी में अनुमानित ₹6,000 की दान राशि रखी थी। इस घटना की जानकारी मंदिर समिति के अन्य सदस्यों को भी दी गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
