राजनांदगांव . शहर में पानी की पाइप लाइन बिछाने के नाम पर खोदे गए गड्ढे धूल का गुबार छोड़ रहे हैं। इससे शहरवासी परेशान हैं। पिछले हफ्ते इस पर विरोध जताने वाले भाजपा पार्षदों ने रविवार को आनंद वाटिका के सामने धूल उड़ाकर विरोध प्रदर्शन किया। तब वहां नगर निगम पुष्प महोत्सव मना रहा था। धूल उड़ाकर धूल के खिलाफ प्रदर्शन की शहर में चर्चा रही।सड़कों के दोनों तरफ महीनों से गड्ढे खोद दिए गए और पाइप बिछाने के बाद भी इन गड्ढों को सीमेंटीकरण नहीं किए जाने के मामले में भाजपा पार्षद दल ने फूल महोत्सव का विरोध करने धूल महोत्सव मनाया। नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत के सामने ही उनके खिलाफ नारे लगाएं। भाजपा पार्षदों ने कहा कि अमृत मिशन के धीमे कार्य के चलते शहर के वातावरण में धूल भूल हो गया है। अमृत मिशन के ठेकेदार द्वारा गड्ढे खोदकर उसे महज मिट्टी से पाट दिया गया है, जिससे धूल के गुबार उठ रहे हैं। अमृत मिशन योजना के तहत शहर की डामर रोड और वार्डों के सीसी रोड को भी खोदा गया है , लेकिन इसकी मरम्मत करने में संबंधित ठेकेदार महीनों लगा रहे हैं, जिससे शहर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा पार्षद दल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द सभी सड़कों की मरम्मत नहीं की गई तो आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
