भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट के रिफेक्ट्री मटेरियल प्लांट-2 ( आरएमपी -2) में बुधवार की सुबह आग लग गई। यहां 40 फीट उंचे किल्लन में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बीएसपी फायर ब्रिगेड का अमला वहां पहुंचा। फायर ब्रिगेड के चार वाहनों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब दो घंटे लग गए।
घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। क्षति एवं आग लगने के कारण को लेकर संयंत्र प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट नहीं की है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के आरएमपी-2 विभाग में बने किल्लन में आग लगने से हड़कंप मच गया। विभाग ने इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। आग 40 फीट उंचाई पर किल्लन में लगे होने की वजह से फायर ब्रिगेड कर्मियों को काफी दिक्कतें हुई।
किसी तरह से वहां तक पहुंचने के बाद पहुंचकर आग बुझाने में काबू पाया गया। बताया जाता है कि आग यदि रात में लगी होती तो उस पर काबू पाने में दिक्कत बढ़ जाती। बड़ा नुकसान भी हो सकता था।
500 लीटर फोम का इस्तेमाल किया आरएमपी-2 में लगी आग को बुझाने के लिए बीएसपी फायर ब्रिगेड ने 500 लीटर फोम का पानी के साथ इस्तेमाल किया। 40 फीट उपर लगी आग की लपटें 60-70 फीट तक उठ रही थी।
फायर ब्रिगेड कर्मियों को इस आग पर काबू पाने उपर तक जाकर पानी और फोम को डालना पड़ा। इस दौरान सुरक्षा कायदों का भी ध्यान रखना पड़ा, जिससे किसी तरह की जनहानि टाली जा सके।
कई मोटर जले आरएमपी-2 में जिस किल्लन में आग लगी थी, वहां उपर में कई मोटर (फ्यूल डोजिंग पंप ) लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि उक्त फ्यूल डोजिंग पंप को नुकसान हुआ है। वे आग की चपेट में आ गए। इसकी वजह से जहां उत्पादन प्रभावित हो गया है। इससे भिलाई स्टील प्लांट को लाखों की क्षति भी हुई है।
हालंकि बीएसपी प्रबंधन सिर्फ केबल जलने की बात ही कह रहा है। घटना के समय विभाग में मौजूद कर्मचारी भी दहशत में आ गए थे।
आग कैसे लगी, जांच होगी आरएमपी-2 में बुधवार की सुबह आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। चर्चा है कि आयल व ग्रीस की वजह से ही आग लगी। इसके बाद लपटें तेज होती चली गई। इधर घटना के बाद बीएसपी द्वारा घटना की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। जिसके द्वारा यह पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी।
फिलहाल बुधवार को आग बुझने के बाद विभाग के कर्मचारी व अधिकारी इस प्रयास में लगे रहे कि किस तरह जल्द उत्पादन सामान्य किया जा सके।
फ्यूल डोजिंग पंप के केबल जले भिलाई इस्पात सयंत्र के आरएमपी-2 (रिफेक्ट्री मटेरियल प्लांट-2) में बुधवार की सुबह आग लग गई। सयंत्र के फायर ब्रिगेड की गाड़ियां त्वरित पहुंची। लगभग 40 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।
आग के कारण फ्यूल डोजिंग पंप के केबल जल गए। उत्पादन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए आरएमपी-2 बिरादरी जुटी हुई है। आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।
-जन संपर्क विभाग, भिलाई इस्पात सयंत्र
