रायपुर | छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित “रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना” के अंतर्गत रायपुर जिले के 850 श्रद्धालुओं का विशेष दल आज भव्य कार्यक्रम के बीच अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलू शर्मा, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने की। इस अवसर पर सुनील सोनी, विधायक दक्षिण रायपुर; मोतीलाल साहू, विधायक ग्रामीण रायपुर; अनुज शर्मा, विधायक धरसीवां; रमेश ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष रायपुर; तथा नंदे साहू, पूर्व विधायक ग्रामीण रायपुर उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य IFS एवं महाप्रबंधक वेदव्रत सिरमौर SPS रायपुर से 850 श्रद्धालुओं का “रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजना” के तहत प्रस्थान
श्री नीलू शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा, “यह योजना प्रदेशवासियों को धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों से जोड़ने का एक अद्भुत प्रयास है। श्रद्धालुओं को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला के दर्शन कराने के साथ ही वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर का भी लाभ मिलना, जीवन में एक अविस्मरणीय अनुभव होगा।”

श्रद्धालुओं के जत्थे को पुष्प वर्षा एवं नारियल भेंट कर रवाना किया गया। रेलवे के विशेष डिब्बों में यह दल पहले वाराणसी पहुंचेगा, जहां काशी विश्वनाथ के दर्शन के पश्चात अयोध्या धाम में रामलला का पावन दर्शन कर पुनः रायपुर लौटेगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ सरकार एवं पर्यटन मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएँ जनता को अपने धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
