माटराखुज्जी की घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
डोंगरगांव। क्षेत्र के ग्राम माटराखुज्जी में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रही महिला पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान संतकुमारी पति अक्तु राम रावटे (43 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना शाम लगभग 4 बजे की बताई जा रही है। संतकुमारी अपने खेत में रोज़ की तरह काम कर रही थीं। तभी तेज गर्जन के साथ अचानक आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बिजली गिरते ही संतकुमारी ज़मीन पर गिर पड़ीं और उनके सीने, चेहरे एवं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। खेत में मौजूद अन्य चार लोगों को भी हल्का झटका महसूस हुआ, लेकिन वे सभी सुरक्षित हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल डोंगरगांव अस्पताल लाया गया। लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मर्ग कायम किया और शव को फिलहाल मरचुरी में सुरक्षित रखवाया है। पुलिस ने बताया कि कल पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंपा जाएगा।मृतका अपने पीछे तीन पुत्रियां एवं एक पुत्र छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं गांव में शोक की लहर है और ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुँच रहे हैं।
