राजनांदगांव , राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित नीट-2026 परीक्षा 3 मई को जिले के 6 परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। परीक्षा में कुल 1897 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। परीक्षा की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। डीएससीसी सदस्य परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निरीक्षण और समन्वय बनाए रखेंगे।
परीक्षा दिवस पर सभी केंद्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर सर्विसेस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी केंद्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्र परिसर में अनधिकृत अधिकारियों और बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, रजिस्ट्रेशन, प्रवेश पत्र जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया अधिकृत एजेंसियों द्वारा की जाएगी। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर मोबाइल जैमर भी लगाए गए हैं।
समय से पहले केंद्रों में पहुंचें अभ्यर्थी जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें, प्रवेश पत्र और आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें तथा एनटीए के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और एनटीए के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ताकि परेशानी न हो।
