राजनांदगांव | मेवाड़ के वीर शिरोमणि, अदम्य साहस और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती 9 मई को जिले में मनाई जाएगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राजपूत महासभा ने आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए इस वर्ष समाज ने सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।
हाल ही में महासभा की प्रबंधकारिणी की विशेष बैठक संरक्षक डॉ. आरपीएस भदौरिया और डॉ.आरएन सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जयंती आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष विष्णु बहादुर सिंह, सचिव जय नारायण सिंह और कोषाध्यक्ष राम नारायण सिंह ने वर्तमान मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को शाम के समय आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 मई को शाम 6 बजे रामकृष्ण नगर स्थित महाराणा प्रताप चौक में मुख्य आयोजन होगा। यहां समाजजन एकत्र होकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करेंगे। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से जोड़ना बताया गया है।
बैठक में ओपी सिंह, रणविजय प्रताप सिंह, संजय परिहार, दीपेश सिंह, संजय बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, राकेश सिंह, संतोष सिंह, विजय राजपूत, मोहन राजपूत, मुन्ना सिंह राजपूत, सुनील सिंह, कपिल सिंह, गोल्डी भदौरिया और अखिलेश रघुवंशी सहित समाज के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
