राजनांदगांव , बीमा निवेश में रकम दोगुना करने का झांसा देकर वृद्धा से 5 लाख 42 हजार रुपए ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी बांड पेपर देकर वृद्धा को झांसे में लिया था। लेकिन निर्धारित समय के बाद भी रुपए नहीं लौटाए।
लालबाग पुलिस ने बताया कि 65 वर्षीय प्रार्थिया फगनी बाई ने मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। मोतीपुर निवासी आरोपी महेश राम वर्मा ने खुद को बीमा एजेंट बताकर रकम दोगुना करने का झांसा दिया। इसके बाद बारी-बारी से वृद्धा से 5 लाख 42 हजार रुपए ले लिया।
इसके बदले उन्हें फर्जी बांड पेपर दिया। लेकिन निर्धारित समय के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली तो वृद्धा ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। लालबाग पुलिस ने आरोपी महेश वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
