डोंगरगढ़| शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. ईवी रेवती को गत दिनों 41 साल की सेवा पूरी होने पर सेवानिवृत्ति दी गई। इस मौके पर कॉलेज परिवार ने भावभीना, गारिमामय विदाई समारोह रखा। कार्यक्रम में कॉलेज परिसर में डॉ. रेवती का स्वागत हुआ। प्राध्यापकों, कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट किए।
गुलाल लगाकर सम्मान किया। समारोह में प्रदीप कुमार जांबुलकर, आशा चौधरी, आरआर कोचे, क्रीड़ा अधिकारी मुन्नालाल नंदेश्वर, ग्रंथपाल नितेश तिरपुड़े मौजूद रहे। सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी, अतिथि व्याख्याता, स्ववित्तीय शिक्षक भी शामिल हुए। वक्ताओं ने डॉ. रेवती के 41 साल के सेवाकाल को याद किया। कॉलेज के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता, सुचारू संचालन में योगदान की सराहना की।
उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा, मिलनसार व्यक्तित्व को प्रेरणा बताया। वक्ताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग में लंबे सेवाकाल के दौरान उनके नेतृत्व, अनुशासन, समर्पण, दूरदर्शिता से कॉलेज नई ऊंचाइयों तक पहुंचा। उनका मार्गदर्शन, कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगी।
