CG : बिलासपुर ड्राइवर हत्याकांड का खुलासा, 2 युवक गिरफ्तार …
बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने हाईवे पर चलती गाड़ियों पर पत्थर फेंककर दहशत फैलाने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने लूटपाट और आतंक फैलाने की नीयत से यह वारदात की थी। घटना में एक चालक की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2026 की रात करीब एक बजे ग्राम झाल मेन रोड और बरतोरी क्षेत्र में अज्ञात युवकों ने ट्रक, मेटाडोर और स्कार्पियो वाहन पर अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया था। पथराव के कारण वाहनों के शीशे टूट गए और वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में लोरमी निवासी मेटाडोर चालक जगदीश भोंसले की मौत हो गई थी। वहीं ट्रक चालक और स्कार्पियो में सवार चार लोग घायल हुए थे।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने बिल्हा, झाल और बरतोरी क्षेत्र के हाईवे और आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मोबाइल टावर डंप डेटा का भी विश्लेषण किया गया।जांच में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने धमतरी निवासी 21 वर्षीय पंकज कुमार ध्रुव और बिल्हा निवासी 30 वर्षीय मोहन निषाद को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपित पंकज ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने बिल्हा आया था। इसी दौरान दोनों ने मिलकर हाईवे पर दहशत फैलाने के लिए गाड़ियों पर पत्थर फेंके। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और ईंट-पत्थर बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
