राजनांदगांव। जिले में आज व्यापम द्वारा आयोजित पीपीएचटी (Pre Pharmacy Test) प्रवेश परीक्षा 2026 का शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालन संपन्न हुआ। परीक्षा के लिए जिले में निर्धारित 3 परीक्षा केंद्रों में व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा हेतु कुल 745 परीक्षार्थियों का पंजीयन किया गया था, जिनमें से 538 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 207 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन, बैठने की व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूर्ण की गईं। निर्धारित समयानुसार परीक्षा केंद्रों के गेट बंद किए गए, जिसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक दल एवं एफएसटी टीम द्वारा सतत निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा केंद्रों में अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित रही। जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
