CG : चोरों का शीतला मंदिर में धावा, सोने-चांदी के जेवर और नगदी पार …
धमतरी/कुरुद। जिले के पुलिस अनुविभाग कुरुद अंतर्गत आने वाले बिरेझर चौकी क्षेत्र के स्थित शीतला ग्राम मरौद में मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर माता शीतला की मूर्ति को खंडित कर दिया तथा श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित सोने-चांदी के जेवर, नगदी और छत्र चोरी कर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खंडित मूर्ति को मंदिर परिसर से बाहर ले जाकर फेंक दिया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। सूचना मिलते ही बिरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी एडिशनल एसपी, एसडीओपी, टीआई आदि जिले को हाल ही में मिली अत्याधुनिक हाईटेक एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन तथा डॉग स्क्वायड की सहायता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ ही सुराग जुटाने में लगी हुई है।
