राजनांदगांव : सुशासन तिहार शिविर में स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क उपचार से नयन बाई को मिली राहत
राजनांदगांव । सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 21 रेवाडीह वार्ड में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर से रेवाडीह वार्ड की निवासी नयन बाई को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त हुई।
नयन बाई ने बताया कि शिविर में उनकी रक्तचाप (बीपी) की जांच की गई, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। जांच के बाद उन्हें नि:शुल्क दवाई भी दी गई। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें इस तरह की सुविधाओं की जानकारी नहीं थी, लेकिन शिविर लगने से घर के पास ही स्वास्थ्य जांच और इलाज की सुविधा आसानी से मिल गई। उन्होंने बताया कि बिना किसी खर्च के स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर से परामर्श और दवाई मिलने से उन्हें काफी राहत महसूस हुई। नयन बाई ने कहा कि इस प्रकार के शिविर जनसामान्य के लिए बहुत उपयोगी हैं, विशेषकर उन लोगों के लिए जो समय या आर्थिक कारणों से अस्पताल नहीं जा पाते। उन्होंने शासन-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंच रही हैं, जिससे आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है।

