राजनांदगांव : सुशासन तिहार सुमीन, सुशीला एवं पंचवती के लिए रहा सुखद ..
– प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत शिविर में आसानी से कराया ई-केवायसी
– गैस कनेक्शन मिलने से परिवार के सदस्यों के लिए झटपट भोजन हो रहा तैयार
– सरकार ने महिलाओं का रखा ध्यान, हुई समय की बचत, मिली धुएं से मुक्ति
राजनांदगांव । सुशासन तिहार सुमीन तारम, सुशीला मंडावी एवं पंचवती तारम के लिए सुखद रहा। छुरिया विकासखंड के दूरस्थ ग्राम जोब में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सुमीन तारम, सुशीला मंडावी एवं पंचवती तारम ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए ई-केवायसी कराया। शिविर में तत्काल ई-केवायसी होने पर प्रसन्नता जाहिर की। पंचवती तारम ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने से बहुत सुविधा मिली है। अब परिवार के सदस्यों के लिए झटपट भोजन तैयार हो जाता है। समय की बहुत बचत हुई है। पहले भोजन बनाने में बहुत समय लगता था। जंगल से लकड़ी लाने के बाद चूल्हे पर खाना पकाने से धुएं से आंखे लाल हो जाती थी। भोजन पकाने में भी बहुत समय लगता था। अब स्वास्थ्य भी अच्छा है और खाना भी जल्दी बन जाता है। उन्होंने बताया कि अब वे अपने लिए समय निकाल पाती है। जब भी समय मिलता है, थोड़ी देर के लिए टीवी देख लेती हंै। खेतों में कार्य करने के लिए भी समय पर चली जाती है।
सुशीला तारम ने बताया कि शिविर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का ई-केवायसी हो गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए एक उपहार की तरह है। भोजन जल्दी बनने से परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठ कर भोजन करते हैं। शिविर की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए ऐसे शिविर बहुत फायदेमंद है। यहां महतारी वंदन योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न प्रकार के कार्य शीघ्रता से हो रहे है। सुमीन तारम ने कहा कि गैस कनेक्शन मिलने का बहुत लाभ मिला और खाना तुरंत बन जाता है। जिससे घर में खुशी का माहौल है। तीनों हितग्राहियों ने तहेदिल से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं का ध्यान रखा है और इस योजना से उन्हें धुएं से मुक्ति मिल गई है।
