CG : किराना व्यापारी गिरफ्तार, चोरी का मामला फर्जी निकला …
जांजगीर। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक फर्जी शिकायत का पर्दाफाश किया है। किराना व्यापारी द्वारा दर्ज कराई गई 3.15 लाख रुपये की रिपोर्ट जांच में झूठी निकली। पुलिस ने न केवल पूरे पैसे बरामद कर लिए हैं, बल्कि झूठी सूचना देने के मामले में अलग से कार्रवाई की तैयारी भी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तरौद निवासी किराना व्यापारी चिराग अग्रवाल ने 4 जून को थाने पहुंचकर बताया था कि उसी दिन शाम करीब 7.30 बजे वह कमला नारायण राइस मिल से धान बिक्री की राशि 3 लाख 15 हजार 746 रुपये लेकर घर लौट रहा था। रकम उसने अपनी स्कूटी की डिक्की में रखी थी।
शिकायत में कहा गया कि रास्ते में वह शास्त्री चौक स्थित अरोरा मेडिकल में दवा लेने रुका। इसके बाद सिंहानिया पेट्रोल पंप के पास से शिवा साहू को साथ लेकर कन्हैया जनरल स्टोर पहुंचा। बाद में शिवा को लगरा में छोड़कर घर पहुंचा तो डिक्की में रखी रकम गायब थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में व्यापारी ने आशंका जताई कि चोरी अरोरा मेडिकल के पास हुई होगी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कहीं भी चोरी जैसी कोई घटना दिखाई नहीं दी।
जांच के दौरान कन्हैया जनरल स्टोर संचालक और शिवा साहू से भी पूछताछ की गई। दोनों ने बताया कि व्यापारी रास्ते में कहीं नहीं उतरा था। वहीं अकलतरा रोड और अन्य स्थानों के सीसीटीवी फुटेज में भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या पीछा करने वाला नजर नहीं आया। पुलिस को यह भी पता चला कि राइस मिल से नकदी लेकर निकलने की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को नहीं थी। लगातार सामने आ रहे तथ्यों और शिकायतकर्ता के बयान में विरोधाभास के कारण पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चिराग अग्रवाल टूट गया और उसने पूरा सच स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उस पर व्यक्तिगत कर्ज था, जिसकी जानकारी उसके परिवार को थी। परिवार के दबाव और नाराजगी के डर से उसने व्यवसाय की रकम अपने पास रख ली और चोरी की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पूरे 3 लाख 15 हजार 746 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार झूठी शिकायत दर्ज कर प्रशासनिक संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में भी नियमानुसार अलग कार्रवाई की जाएगी।
