CG : बिजली खंभे के पास बोरियों में मिली लाश, डॉग स्क्वायड लेकर पहुंची पुलिस …
सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तीवरागुड़ी सरनापारा में उस समय सनसनी फैल गई, जब बिजली खंभे के पास दो बोरों में बंधा एक व्यक्ति का शव मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर जब उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तत्काल गांव के पूर्व सरपंच और रामानुजनगर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। प्राथमिक जांच में मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों तक पहुंचने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
