रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार के अकाउंटेंट को सुनसान रास्ते में रोककर चाकू दिखाते हुए करीब 10 लाख रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार पीड़ित सागर डेहरिया एक ठेकेदार के यहां अकाउंटेंट के रूप में काम करता है। वह मंगलवार रात सेरीखेड़ी से नया रायपुर की ओर लगभग 10 लाख रुपये नकद लेकर जा रहा था। इसी दौरान मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के एक सुनसान मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसका पीछा किया और उसे रोक लिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने अचानक उसे घेर लिया और चाकू दिखाकर धमकाया।
इसके बाद बदमाशों ने उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को विरोध करने का मौका भी नहीं मिल सका। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही अलग-अलग टीमों का गठन कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है। प्राथमिक जांच में पुलिस को यह आशंका है कि आरोपियों को नकदी ले जाने की पहले से जानकारी थी। इसी आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में किसी परिचित व्यक्ति या अंदरूनी मुखबिर की भूमिका तो नहीं रही। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।