डोंगरगांव , पर्यावरण के क्षेत्र में अनेक लोग अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। उन्हीं में से एक हैं क्षेत्र में पदस्थ कार्यपालन अभियंता भूपेन्द्र बावनथड़े सहित उनकी मित्र मंडली जिनमें से अनेक अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस के जवान भी शामिल हैं, जो बीते दो वर्षों से अपने ग्राम घोरतलाब के मुख्य निस्तारी तालाब को ऑक्सीजोन बनाने के लिए प्रयासरत हैं।
यहां उनकी टीम के द्वारा पौधरोपण से लेकर संरक्षण तथा संवर्धन की जिम्मेदारी सभी आपस में कार्य बांटकर करते आ रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि इनके द्वारा रोपित पौधे अब वृक्ष का आकार ले रहे हैं। बावनथड़े सहित टीम ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिछले दो सालों में गांव के तालाब के चारों ओर 350 पौधों को रोपित किए थे।
जिनमें लगभग तीन सौ पौधे जीवित हैं और बेहतर स्थिति में हैं। उनका मानना है कि इस क्षेत्र में आगामी तीन वर्षों में अच्छी हरियाली की उम्मीद है। ग्राम के तालाब के किनारे आम, पीपल, बरगद, नीम, जामुन, करंज, अमलतास, अमरूद, कटहल, बेहड़ा व सिंदूर सहित अनेक प्रजातियों के छायादार व फलदार पौध शामिल हैं। बताया कि पर्यावरण संरक्षण जरूरी है।
