CG : दिव्यांग बच्चों के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचकर बढ़ाया हौसला
बच्चों के बीच बिताए आत्मीय पल, चॉकलेट और पेन वितरित कर किया उत्साहवर्धन, बालिका आश्रम का भी किया निरीक्षण
रायपुर ,

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी संदेश दिया। विद्यालय पहुंचने पर दिव्यांग विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। बच्चों की स्नेहपूर्ण प्रस्तुति और उत्साह को देखकर मंत्री भावुक एवं अभिभूत नजर आईं।

विद्यालय के निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट एवं पेन वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बच्चों ने मंत्री से पूछा कि उनके बीच आकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है, जिस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और आत्मिक संतोष का अनुभव हो रहा है।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती और दिव्यांग बच्चे अपनी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर समाज में नई पहचान स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके सपनों, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपने लक्ष्य और आकांक्षाएं साझा कीं। मंत्री ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास बनाए रखने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि समावेशी शिक्षा और संवेदनशील समाज का निर्माण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर मंत्री राजवाड़े ने बखरूपारा में संचालित बालिका आश्रम का भी निरीक्षण किया तथा वहां रह रही बालिकाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पार्षदगण, वरिष्ठ नागरिक गौतम एस. गोलछा, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, सीएमएचओ डॉ. टी.आर. कुंवर, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
