राजनांदगांव । अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कृषकों से कृषि कार्य में उपयोग किए जाने वाले ऐसे सभी ट्रैक्टर, जिनके पहियों में लोहे के केज व रिंग लगाए गए हो, उनका संचालन सार्वजनिक सड़कों, सीमेंट एवं डामरीकृत मार्गों, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर नहीं करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लोहे के केज व रिंग लगे टैक्टर के पहियों से सीमेंट एवं डामरीकृत सड़कों को गंभीर क्षति पहुंचती है। साथ ही ऐसे वाहनों के कारण सड़क पर अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है, जिससे मार्ग संकरा प्रतीत होता है और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है। इस स्थिति में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। उन्होंने किसानों से पहियों में लोहे के केज व रिंग लगे ट्रैक्टर का उपयोग केवल खेतों में कृषि कार्य के दौरान ही करने कहा है। खेत में कार्य पूर्ण होने के बाद केज व्हील को वहीं उतारकर सामान्य पहियों के साथ ही ट्रैक्टर का संचालन सार्वजनिक मार्गों पर करें। इससे सड़कों की सुरक्षा एवं गुणवत्ता बनी रहेगी तथा आमजन सुरक्षित एवं सुगम आवागमन कर सकेंगे।
