राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना - प्राकृतिक ऊर्जा से प्रकाशित हो रहा प्रशांत का घर
– योजना से आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मिल रहा योगदान
– पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से प्रेरित होकर प्रशांत के मित्र एवं सहकर्मी भी कर रहे सोलर रूफटॉप लगाने की कर रहे तैयारी
राजनांदगांव । शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के लिए आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। राजनांदगांव शहर के जीवन कॉलोनी निवासी शिक्षक प्रशांत यादव इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने बिजली व्यय में कमी लाए हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। प्रशांत यादव ने बताया कि वे अपने घर की छत पर 3 किलोवॉट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। माह अप्रैल 2026 से सोलर प्लांट से विद्युत उत्पादन शुरू हुआ। गर्मी के मौसम में प्रतिदिन लगभग 20 यूनिट तक बिजली का उत्पादन हुआ, जिससे बिजली बिल में काफी राहत मिली। पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल सामान्य दिनों में लगभग 1500 रूपए तथा गर्मी के मौसम में 3000 से 4000 रूपए तक पहुंच जाता था। सोलर सिस्टम स्थापित होने के बाद बिजली बिल शून्य हो गया। उन्होंने बताया कि सोलर संयंत्र की स्थापना पर बैंक के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। बैंक एवं अधिकृत वेंडर द्वारा पूरी प्रक्रिया में सहयोग मिलने से स्थापना का कार्य सुगमता से पूरा हो गया। केंद्र एवं राज्य शासन की कुल 1 लाख 8 हजार रूपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे संयंत्र की लागत काफी कम हो गई और यह निवेश अत्यंत लाभकारी साबित हुआ।
प्रशांत यादव ने बताया कि नेट मीटरिंग व्यवस्था के माध्यम से अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है तथा मोर बिजली मोबाइल एप के जरिए प्रतिदिन बिजली उत्पादन एवं खपत की जानकारी आसानी से प्राप्त हो जाती है। उन्होंने बताया कि बादल छाए रहने पर भी सोलर संयंत्र से संतोषजनक बिजली उत्पादन हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना केवल बिजली बिल कम करने की योजना नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। सूर्य से प्राप्त स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग करने से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होती है तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी योगदान मिलता है। यादव ने बताया कि सोलर संयंत्र को देखकर उनके कई मित्र एवं सहकर्मी भी इस योजना से प्रेरित हुए हैं और अपने घरों में सोलर रूफटॉप लगाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी परिवारों को बिजली खपत को देखते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अवश्य लेना चाहिए। यह योजना दीर्घकालीन आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने कहा कि यह योजना आम नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। प्रशांत यादव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए केन्द्र एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
