एमसीबी/ नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के जनपद सभा कक्ष में आज आयोजित गरिमामय समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़, नगर पंचायत झगराखांड एवं नगर पंचायत खोंगापानी के मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवनियुक्त पार्षदों ने जनसेवा, पारदर्शिता और नगर विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व संसदीय सचिव एवं जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपादेवी पावले, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार, नगर पंचायत झगराखांड की अध्यक्ष श्रीमती रीमा यादव, नगर पंचायत खोंगापानी की अध्यक्ष श्रीमती ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवनियुक्त मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की आशाओं और विश्वास का केंद्र होते हैं। उनकी जिम्मेदारी केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि सभी मनोनीत पार्षद पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करते हुए अपने-अपने नगरों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सभी शहरों और गांवों में समान रूप से विकास कार्यों को गति दे रही है। जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों नगरीय निकायों के नवनियुक्त पार्षद शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनकर विकास को नई दिशा देंगे।