राजनांदगांव l अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला मंडल और अग्रवाल नवयुवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अग्रसेन भवन में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का निशुल्क शिविर शुरू हुआ। शिविर में सर्व समाज की बालिकाओं और युवतियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। आयोजन का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ निशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
शिविर का शुभारंभ पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल तथा समाजसेवी नंदकुमार अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अग्रवाल समाज वर्षों से सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की भावना से सामाजिक सेवा के कार्य करता आ रहा है। कोरोना काल में समाज ने जरूरतमंद परिवारों को राशन किट, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्लाज्मा और रक्तदान, मरीजों के भोजन की व्यवस्था, अस्पतालों में भर्ती कराने में सहयोग सहित कई सेवा कार्य किए। रेलवे कुलियों, छोटे व्यवसायियों और आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी गई थी।
अब कम्प्यूटर सेंटर को फिर से शुरू किया गया अग्रवाल सभा ने बताया कि कोरोना काल में बंद हुआ अंगूरी देवी मूलचंद अग्रवाल स्मृति कम्प्यूटर सेंटर अब पुनः शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा हाई और हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों के लिए कॉमर्स विषय की निशुल्क कोचिंग भी प्रारंभ की जा रही है, जिसका लाभ सर्व समाज के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। सभा पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्षों में नारायणा हॉस्पिटल और रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, तोतले बच्चों के उपचार शिविर लगाए गए।