सोमनी , ग्राम खुटेरी में फगन कुर्रे, सूरजभान व टोपसिंह ने लगातार 3-4 वर्षों से चारागाह भूमि पर चार एकड़ जमीन पर कब्जा किया है। ग्राम पंचायत ने बैठक कर सभी कब्जाधारियों को चारागाह भूमि को छोड़ने के लिए कहा, लेकिन कब्जाधारियों ने भूमि पर अवैध कब्जा कर खेती करना शुरू कर दिया।
लगातार प्रयास करने के बाद कब्जा नहीं हटाने पर पंचायत व ग्रामीण ने शासन से गुहार लगाई। जिसके चलते राजस्व विभाग, तहसीलदार, एसडीएम व सोमनी पुलिस की मदद से मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाया गया। इसके बाद 26 जुलाई को ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की मदद से कब्जे वाली जगहों पर लगभग 1000 पौधरोपण किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि चारागाह की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और खेती, गांव की साझा संपत्ति खतरे में दिखाई दे रही है। गांव की साझा संपत्ति मानी जाने वाली चारागाह भूमि पर लगातार कब्जे बढ़ते जा रहे हैं। कभी मवेशियों के चरने और ग्रामीणों के सामुदायिक उपयोग के लिए आरक्षित ये जमीनें अब खेती, मकान और प्लॉटिंग की भेंट चढ़ रही हैं।
