राजनांदगांव , जिलेभर के जर्जर स्कूलों की मरम्मत कराने नए शिक्षा सत्र जुलाई माह की शुरुआत में 64 लाख रुपए की स्वीकृति मिली। इसके बाद इसमें आपत्ति लग गई। नतीजा राशि खाते में नहीं पहुंची। इससे जर्जर स्कूलों की मरम्मत का काम डेढ़ माह बाद भी शुरू नहीं हो सका है। जिले में करीब 207 स्कूलों को मरम्मत की जरूरत है।
स्कूलों में छोटे-मोटे काम होने है लेकिन वह भी शुरू नहीं हो सके है। राशि आने के दौरान सप्ताहभर के भीतर काम शुरू करने और माहभर में पूरा होने का दावा किया गया था। जिले में डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया ब्लॉक के अंचल इलाकों में स्कूलों की हालत बेहद खराब है। बारिश होने के दौरान इन स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही।
नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही। कई स्कूलों के कक्ष, बरामदों और मैदान में जल जमाव की स्थिति बन रही है। स्कूलों में कहीं छत और दीवारों का प्लास्टर गिरने की शिकायतें है। कई स्कूलों में बाउंड्रीवाल में क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यहां आवारा मवेशियों और श्वानों की आवाजाही बनी रहती है। डीईओ प्रवास सिंह बघेल ने बताया आपत्ति का निराकरण किया जा चुका है। एक दो दिनों में राशि जारी होने की जानकारी मिली है। इसी काम शुरू हो जाएंगे।
