राजनांदगांव , ग्राम सुंदरा में दूसरे की आबादी भूमि और कच्चे मकान को अपना बताकर किसान से 5.21 लाख रुपए लेने का मामला सामने आया है। शिकायत जांच के बाद चिखली पुलिस ने ठेठवार पारा निवासी सन्नी पंसारी के विरुद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुंदरा निवासी राजेश साहू ने शिकायत में बताया कि सन्नी पंसारी ने ग्राम सुंदरा स्थित आबादी भूमि और कच्चे मकान को अपना बताते हुए कुल 5.21 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। सौदे के समय एक लाख रुपए बयाना लेकर इकरारनामा किया गया। इसके बाद राजेश ने शेष 4.21 लाख रुपए भी दे दिए।
आरोपी ने स्टांप पर विक्रय पत्र तैयार कर मकान और जमीन का कब्जा देने का आश्वासन दिया। कब्जा नहीं मिलने पर राजेश ने जमीन के कथित मूल विक्रेता कृष्णा साहू से जानकारी ली। कृष्णा ने बताया कि उसने सन्नी पंसारी को उक्त जमीन बेची ही नहीं है। इसके बाद राजेश ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया है।
