राजनांदगांव , दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा केबिन से राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं रेल लाइन की कमीशनिंग काम यात्रियों की परेशानी बढ़ाएगा। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के लिए अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। सितंबर और अक्टूबर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी 20 से ज्यादा ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया गया है। कुछ ट्रेनों का मार्ग बदलेगा, जबकि एक ट्रेन देरी से रवाना होगी। यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच करने से ट्रेनों की लोकेशन का पता चल पाएगा।
सबसे ज्यादा असर गाड़ी संख्या 18109-18110 इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस पर पड़ेगा जो सितंबर-अक्टूबर की विभिन्न तिथियों में कैंसिल रहेगी। नांदेड़- सांतरागाछी, सांतरागाछी- नांदेड़, एलटीटी- सांतरागाछी स्पेशल, हटिया-दुर्ग, दुर्ग- हटिया, हटिया- एलटीटी, एलटीटी-हटिया, हावड़ा- सीएसएमटी दुरंतो जैसी ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। 13 अक्टूबर को हावड़ा से चलने वाली गीतांजलि एक्सप्रेस (12860) 2 घंटे देरी से रवाना होगी।
अगले माह में 25 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग दिनों में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। लेकिन सभी ट्रेनें रोज कैंसिल नहीं रहेगी। रेलवे से जारी निर्धारित तारीखों के अनुसार अलग-अलग ट्रेनों पर असर पड़ेगा। रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन नंबर के अनुसार स्थिति जांचना जरूरी होगा। राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं लाइन की कमीशनिंग होगी। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा।
