राजनांदगांव : कंवर समाज के भवन विकास के लिए महापौर ने की…
राजनांदगांव , आदिवासी कंवर समाज महासभा की ओर से वार्ड क्रमांक 21 रेवाडीह स्थित समाज के धर्मशाला एवं प्रशिक्षण भवन में जिला स्तरीय वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने समाज के भवन निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपए की घोषणा की। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि सामाजिक प्रतिभाओं का सम्मान इसलिए जरूरी है, क्योंकि इससे युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। प्रतिभाओं को सम्मान मिलने से वे भविष्य में स्वयं के साथ समाज और जिले का नाम भी रोशन करते हैं। उन्होंने आदिवासी कंवर समाज को आयोजन की बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विधानसभा अध्यक्ष व राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के माध्यम से समाज को हरसंभव सहयोग दिलाने का संकल्प दोहराया।
समारोह के दौरान समाज के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण भवन एवं धर्मशाला में किचन शेड और डोम शेड की आवश्यकता से महापौर को अवगत कराया। समाज की मांग पर महापौर ने मंच से ही भवन निर्माण एवं विकास के लिए 20 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सामाजिक प्रतिभाओं को अतिथियों ने मोमेंटो, नकद राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आयोजन समिति ने अतिथियों का पारंपरिक साफा-पगड़ी और गमछा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंवर समाज महासभा राजनांदगांव के अध्यक्ष बिन्दुलाल चंद्रवंशी ने की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, कंवर समाज के प्रमुख मार्गदर्शक प्रो. डॉ. मेघराज कपूर, पार्षद रवि सिन्हा, पार्षद बीना ध्रुव, पूर्व पार्षद हरेन्द्र कंवर थे।
