राजनांदगांव । नगर पालिक निगम राजनांदगांव द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छता एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। बारिश के दौरान उत्पन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन मरम्मत, सड़क सुधार, अतिक्रमण हटाने, मवेशी नियंत्रण एवं उद्यानों के जीर्णोद्धार की दिशा में कार्य जारी है।
पाइपलाइन मरम्मत के बाद सड़क को किया जा रहा समतल
कमला कॉलेज रोड से कलेक्टोरेट बंगला के बीच पाइपलाइन मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे को सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद पाटकर समतल करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी प्रकार कमला कॉलेज रोड में कौरिनभाठा तालाब के पास पाइपलाइन में लीकेज के कारण जीवन कॉलोनी में प्रभावित हुई जलापूर्ति को भी सुधार लिया गया है। निजी टेलीकॉम कंपनी द्वारा भूमिगत केबल बिछाने के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पटरी पार क्षेत्र के कुछ वार्डों में मटमैले पानी की समस्या उत्पन्न हुई थी। पाइपलाइन का सुधार कर लीकेज की जांच एवं आवश्यक मरम्मत की गई है। कुछ क्षेत्रों में गंदे पानी की शिकायत मिलने पर संबंधित पाइपलाइनों की जांच एवं सुधार कार्य भी किया जा रहा है। फिल्टर प्लांट में सुचारू जलापूर्ति के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रतिमा स्थलों का मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण
शहर के चौक-चौराहों में स्थापित पुरानी प्रतिमाओं एवं उनके स्थलों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण की दिशा में नगर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा स्थल का मरम्मत कार्य पूर्ण कर सौंदर्यीकरण किया गया है। इसी तर्ज पर शहर के अन्य प्रतिमा स्थलों का भी चरणबद्ध तरीके से मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
बारिश के बाद कीचड़ एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में सफाई
अत्यधिक बारिश के कारण शहर के कुछ क्षेत्रों में कीचड़ एवं जलभराव की स्थिति निर्मित हुई है। नगर निगम द्वारा ऐसे स्थानों पर सफाई एवं आवश्यक सुधार कार्य कराया जा रहा है। पानी भराव से निजात दिलाने के लिए धंसी हुई इंटरलॉकिंग को भी दुरूस्त किया जाएगा।
मवेशी नियंत्रण के लिए दिन-रात अभियान
शहर के चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाली समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम के 18 कर्मचारियों की टीम द्वारा प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में दिन एवं रात के समय अभियान चलाकर मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस में रखा जा रहा है। रात्रि में भी मवेशियों को सड़कों से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कांजी हाउस में सीमित स्थान तथा मवेशियों की अधिक संख्या को देखते हुए निर्धारित शुल्क लेकर मवेशी मालिकों को उनके मवेशी सुपुर्द किए जा रहे हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़े कांजी हाउस के निर्माण हेतु स्थल की तलाश की जा रही है। साथ ही मवेशी मालिकों की बैठक आयोजित कर उन्हें अपने मवेशियों को खुले में नहीं छोडऩे के संबंध में जागरूक करने की योजना है।
उद्यानों के जीर्णोद्धार के लिए बजट में प्रावधान
नगर निगम सीमा क्षेत्र के कुछ पुराने उद्यानों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए इस वित्तीय वर्ष के बजट में जीर्णोद्धार का प्रावधान रखा गया है। इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है। उद्यानों में नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अतिक्रमण हटाकर सुगम आवागमन एवं जल निकासी पर जोर
शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों एवं फुटपाथों पर रखे ठेला-खोमचा के कारण यातायात बाधित होने तथा पानी निकासी प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता लगातार कार्रवाई कर रहा है। सार्वजनिक मार्गों को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के साथ जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सड़कों के गड्ढों का पेचवर्क जारी
नगर निगम द्वारा शहर की सड़कों में बने गड्ढ़ों का पेचवर्क कर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। अत्यधिक बारिश के कारण पेचवर्क कार्य में कुछ कठिनाइयां आ रही हैं। इसके बावजूद आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य जारी है। महापौर द्वारा बैठक में बारिश की स्थिति को देखते हुए गणेश पर्व के पूर्व सड़कों की आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग अंतर्गत आने वाली सड़कों पर पेचवर्क के लिए संबंधित विभाग को पत्र भी प्रेषित किया गया है। डिवाइडर टूटने तथा सड़क पर निर्माण सामग्री बिखरे होने के संबंध में संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। वहीं नगर निगम द्वारा अपने स्तर पर साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने का कार्य लगातार किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा बारिश के मौसम में उत्पन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के साथ शहर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्यों की लगातार निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
